एक तरफ जहां केरल में भारी बारिश का दौर जारी है तो वहीं मौसम विभाग की तरफ से कई अन्य राज्यों में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
बता दें मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया है। केरल के अलावा असम और मणिपुर में भी भारी बारिश हो रही है, और कई जिलों में स्थिति गंभीर बनी हुई है। मणिपुर में बराक नदी तो वहीं असम में ब्रह्मपुत्र सहित अन्य नदियां खतरे के निशान से ऊपर है।भारी बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है, साथ ही भूस्खलन से कुछ मकान और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ स्थानों पर पेड़ उखड़ने की भी खबरें हैं।
फिलहाल उत्तरी राज्यों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी देखने को मिल रही है। वहीं मौसमी परिवर्तन के कारण उत्तर पूर्वी उत्तर प्रदेश, दक्षिण पूर्वी बिहार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।
