धामी सरकार ने प्रदेश के डिग्री कॉलेजों में तैनात 05 प्राचार्यों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। उच्च शिक्षा सचिव शैलेश बगौली की ओर से जारी आदेश के मुताबिक शासन ने अनुशासनहीनता के आरोप में राजकीय महाविद्यालयों के पांच प्राचार्यों समेत छह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल, राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद के संबंध में शासन ने दो से 16 अप्रैल 2024 तक विभिन्न तिथियों में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक ली थी, लेकिन महाविद्यालय के प्राचार्य बिना किसी सूचना के बैठक से गैरहाजिर रहे, ऐसे में राजकीय महाविद्यालय चुडियाला हरिद्वार के प्राचार्य डा. केएस जौहरी, राजकीय महाविद्यालय खिर्सू के प्रभारी प्राचार्य डॉ. डीएस चौहान का प्रशासनिक आधार पर तबादला किया गया है, वहीं महाविद्यालय भिकियासैंण के प्राचार्य डॉ. प्रेम प्रकाश, खिर्सू महाविद्यालय के नैक के नोडल अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार को परिनिंदा प्रविष्टि दी गई है। इसके अलावा एमबी राजकीय पीजी कालेज हल्द्वानी के प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी और महाविद्यालय भूपतवाला हरिद्वार के प्राचार्य डॉ. दिनेश शुक्ला को कठोर चेतावनी जारी की गई है।
