खनन व वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए बाजपुर के तीन स्टोन क्रशरों को सील किया है, जबकि काशीपुर के एक स्टोन क्रेशर के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। बता दें कि कल उपनिदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय उत्तराखंड देहरादून के आदेश एवं वन विभाग से प्राप्त शिकायत के तहत भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग सहित वन विभाग की संयुक्त टीम ने गुरु नानक स्टोन प्रोडक्ट्स ग्राम जगतपुर, श्री गुरु अंगद देव स्टोन इंडस्ट्रीज सहित अमर स्टोन क्रेशर ग्राम गुलजारपुर के स्टोन क्रशरों में छापामार कार्यवाही की, इस दौरान इन स्टोन क्रशरों में स्टॉक से अधिक खनिज का भंडारण पाया गया तथा स्टोन क्रशरों के संचालन में अनियमितताएं पाई गई, जिस पर उन्हें सील कर दिया गया। वहीं महाराज स्टोन क्रेशर ग्राम जुड़का कुंडेश्वरी काशीपुर में भंडारित उप खनिज की नपत करने के उपरांत कार्यवाही की जा रही है। बता दें कि कार्यवाही के दौरान उपनिदेशक खनन अमित गौरव, उप प्रभागीय वनाधिकारी तराई पश्चिमी रामनगर संदीप गिरि आदि स्टाफ शामिल रहा।
