देहरादून। सचिवालय में आई ए एस अधिकारी ऊर्जा आर. मीनाक्षी सुंदरम से मुलाकात के बहाने उनके कक्ष में पहुंचे उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बाबी पंवार और उसके साथियों ने न केवल अभद्रता व गाली-गलौज की, बल्कि सचिव को जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि इस दौरान आरोपितों ने बीच-बचाव करने आए सुंदरम के वरिष्ठ निजी सचिव व अपर निजी सचिव के साथ हाथापाई करते हुए उन्हें सचिवालय के बाहर देख लेने की धमकी दी। घटना के तत्काल बाद वरिष्ठ निजी सचिव की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में तहरीर दी गई, जिस पर देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
