काशीपुर। एमेंशन, कुमाऊं प्लाज़ा का वातावरण रविवार को कुछ अलग ही ऊर्जा से सराबोर रहा। अवसर था हील एंड ग्रो वर्कशाप का,
जिसमें देशभर में प्रसिद्ध एनएलपी एवं एक्सेस कांशियसनेस प्रैक्टिशनर, शैमैनिक एवं मुनाय-की राइट्स प्रैक्टिशनर, ट्रांस हीलर और लेखिका स्वाति गुप्ता
ने प्रतिभागियों को जीवन के प्रति नया दृष्टिकोण देने का प्रयास किया।

- कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पित कर किया गया।
इसके बाद वर्कशाप की शुरुआत हुई। बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए और स्वाति गुप्ता की बातों ने उनके भीतर आत्मशक्ति और उम्मीद की नई लहर जगा दी।

अपने संबोधन में स्वाति गुप्ता ने कहा कि हर व्यक्ति के भीतर असीम ऊर्जा और संभावनाएं छिपी होती हैं। ज़रूरत केवल उन्हें पहचानने और सक्रिय करने की होती है।

उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य प्रतिभागियों को इस बात का एहसास कराना है कि वे अपनी जिंदगी की कहानी को किसी भी पल नए नजरिए से लिख सकते हैं। उन्होंने कहा, “यह केवल एक वर्कशाप नहीं, बल्कि आत्मा को पोषित करने वाला अनुभव है, जो व्यक्ति को तनाव और पुराने पैटर्न से मुक्त कर आत्म-प्रेम और आंतरिक शांति का मार्ग दिखाता है।”
वर्कशाप के दौरान विभिन्न हीलिंग तकनीकों का प्रयोग किया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि किस प्रकार मन के अवचेतन हिस्से को समझकर नकारात्मक विचारों से बाहर निकला जा सकता है। ध्यान, ऊर्जा संतुलन और आत्मसंवाद जैसी प्रक्रियाओं के माध्यम से उपस्थित लोगों को अपने भीतर की शक्ति का अनुभव कराया गया। कई प्रतिभागियों ने साझा किया कि उन्हें इस सत्र के बाद हल्कापन और आत्मविश्वास महसूस हुआ।
इस अवसर पर क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियां भी मौजूद रहीं, जिन्होंने कार्यक्रम की सफलता की सराहना की। इनमें सम्राट पृथ्वीराज कॉलेज ऑफ इंस्टीट्यूशन के एमडी महेश सिंह चौहान, अध्यक्ष गोपाल सिंह चौहान, नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजकुमार चौधरी, तराई इंडिपेंडेंट स्कूल एसोसिएशन के संरक्षक बसंत बल्लभ भट्ट, शिवालिक होली माउंट एकेडमी के प्राचार्य के एस डसीला, स्ट्रैटन वर्ल्ड स्कूल की प्रबंधिका हरप्रीत सैनी, को-डायरेक्टर शिरीन सैनी, तारावती सरोजनी देवी बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रबंधक दीपक मित्तल, प्राचार्या सेफाली पांडेय, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष अलका पाल, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, रुप किशोर लालमणि आर्य कन्या इंटर कॉलेज के प्रबंधक महेंद्र लोहिया, ममता भट्ट, रेखा रानी, रजनी गोला, जेपी चौहान, डॉ. वीपी सिंह, तुषार कोली, करन समेत अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन विपुल शर्मा ने किया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक ऊर्जा और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में इस तरह के और कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाएगा।

वर्कशाप के समापन पर प्रतिभागियों ने आयोजकों का आभार जताया और कहा कि यह अनुभव उनके लिए यादगार रहेगा। कई लोगों ने इसे जीवन बदलने वाला अवसर बताया, जिसने उन्हें न केवल तनाव से राहत दी बल्कि आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी। यह आयोजन सम्राट पृथ्वीराज कॉलेज ऑफ इंस्टीट्यूशन द्वारा किया गया।शिवालिक होली माउंट अकैडमी परिवार द्वारा स्वाति गुप्ता जी को कुमाऊं परिधान सुहाग प्रतीक पिछोड़ा व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया

