
सीएम धामी ने सचिवालय में पहुंचकर संचालित चारधाम यात्रा, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्थाओं के साथ ही वनाग्नि की रोकथाम हेतु किए जा रहे प्रबंधन की उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़ प्रबंधन का विशेष ध्यान रखे जाने के साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि चारों धामों में श्रद्धालुओं की जो संख्या निर्धारित की गई है, उसके अनुसार ही उन्हें भेजा जाए। ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए जिन क्षेत्रों में पेयजल की कमी है वहां टैंकरों और अन्य माध्यमों से पेयजल की व्यवस्था की जाए। यूपीसीएल, यूजेवीएनएल और पिटकुल के अधिकारियों को प्रदेश में पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। इसी के साथ सीएम धामी ने वनाग्नि को रोकने के लिए जन जागरूकता पर ध्यान देने के साथ ही इसमें जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए साथ ही वनाग्नि को रोकने के लिए रिस्पांस टाइम कम से कम किए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
