कुवैत के मंगाफ में 12 जून को लगी भीषण आग में कई भारतीयों की भी जान चली गई, आग में झुलसे 45 भारतीयों के शवों को आज भारतीय वायुसेना का स्पेशल एयरक्राफ्ट केरल के कोच्चि एयरपोर्ट पर लेकर पहुंच गया है, केरल के CM विजयन ने एयरपोर्ट पर सभी को श्रद्धांजलि दी, बता दें कि आग की घटना में खत्म हुए सबसे ज्यादा 23 लोग केरल के हैं। यहां से यह एयरक्राफ्ट दिल्ली जाएगा।
जान गंवाने वाले अन्य 22 लोगों में तमिलनाडु के 7, आंध्र-उत्तर प्रदेश के 3-3 और बिहार, ओडिशा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, झारखंड, हरियाणा, पंजाब और पश्चिम बंगाल के 1-1 लोग हैं। इनमें से एक मृतक किस राज्य का है, इसकी जानकारी अब तक नहीं मिली है। इस हादसे के बाद भारत के विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह कुवैत गए थे। उन्होंने 5 अस्पतालों का दौरा किया, जहां घायल भारतीयों का इलाज किया जा रहा है। कीर्तिवर्धन सिंह आज उसी एयरक्राफ्ट से वापस लौटे हैं, जिनसे शवों को लाया गया है।
कुवैत के मंगाफ शहर की एक बिल्डिंग में 12 जून को भयंकर आग लग गई थी, जिसमें कुल 49 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हैं। इनमें से 48 शवों की DNA टेस्ट के जरिए पहचान की गई, जिसमें 45 भारतीय निकले, जबकि 3 फिलिपींस के हैं। हालांकि, पहले मृतकों में नेपाल, पाकिस्तान और मिस्र के नागरिक होने की बात भी कही जा रही थी।
