काशीपुर। नैनी पेपर्स लिमिटेड के साथ एक बड़े साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया है, जिसमें कंपनी सेक्रेटरी विवेक सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर एक अज्ञात साइबर ठग पर 4,81,255.92 रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विवेक सिंह ने बताया कि कंपनी का ऑफिस स्टेशन रोड, काशीपुर स्थित राधेश्याम बिल्डिंग के सामने है और यह विभिन्न विक्रेताओं से उपभोग्य वस्तुएं खरीदकर उनका भुगतान एनईएफटी/आरटीजीएस के माध्यम से करती है। उन्होंने बताया कि 27 नवंबर 2024 को उन्हें विक्रेता मेसर्स जेके प्लाई फाइबर्स के नाम से एक ईमेल मिला, जिसमें बैंक खाता बदलने का अनुरोध और चेक की एक प्रति संलग्न थी। ईमेल को असली मानकर कंपनी ने 5 दिसंबर 2024 को राजस्थान के भीलवाड़ा स्थित बड़ौदा ग्रामीण बैंक की शाखा के खाते में 4,81,255.92 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
