Monday, March 30, 2026

काशीपुर में दूसरे आरोग्य मंदिर का शुभारंभ — शहरी विकास सम्मेलन में निकायों की समस्याओं पर हुआ मंथन, बनेगा “काशीपुर डिक्लेरेशन”

काशीपुर। काशीपुर के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज रामनगर रोड स्थित आईएमए परिसर में दूसरे आरोग्य मंदिर का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर शहरी विकास विभाग के सचिव नितेश कुमार झा, निदेशक विनोद गिरी गोस्वामी और काशीपुर के महापौर दीपक बाली सहित रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस आरोग्य मंदिर में आम जनमानस के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे नगरवासियों को प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य जांच की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

कार्यक्रम के दौरान एमएनए रविन्द्र बिष्ट, एसएनए कमल मेहता, विनोद लाल शाह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी अमरजीत साहनी, डॉ. अशोक चौहान, एसआई मनोज बिष्ट, पार्षद पुष्कर सिंह बिष्ट, प्रकाश नेगी, भाजपा नेता अमित सिंह, नगर निगम कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, शिवेंद्र खनायत समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं नगर निगम कर्मचारी उपस्थित रहे।

शहरी विकास सम्मेलन के दूसरे चरण में प्रदेशभर से आए नगर निकायों के अध्यक्षों ने सचिव शहरी विकास विभाग एवं निदेशक के समक्ष अपनी-अपनी समस्याओं को रखा। इस दौरान रामनगर के अध्यक्ष हाजी अकरम ने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के बीच से संघर्ष कर आते हैं, इसलिए उनकी ओर से रखी गई समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, शहरी विकास विभाग, और काशीपुर के महापौर दीपक बाली का आभार व्यक्त किया।

सुदूर पर्वतीय क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की। कार्यक्रम के तीसरे चरण में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद सत्र आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की गई।

इस अवसर पर काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने नगर निकायों से जुड़ी अनेक समस्याओं को सचिव शहरी विकास विभाग के समक्ष उठाया। उन्होंने कहा कि “इन समस्याओं के समाधान से नगर निकायों को मजबूती मिलेगी और विकास के क्षेत्र में नई दिशा प्राप्त होगी।” बाली ने बताया कि वे इन मुद्दों के संबंध में शहरी विकास निदेशालय को पत्र भी भेजेंगे।

सम्मेलन के समापन पर यह घोषणा की गई कि कार्यक्रम में हुए सार्थक मंथन और चर्चाओं से जो विकास का रोडमैप तैयार होगा, वह “काशीपुर डिक्लेरेशन” के नाम से जाना जाएगा। यह सम्मेलन न केवल काशीपुर बल्कि पूरे उत्तराखंड राज्य के नगर निकायों के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा। काशीपुर में इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के आयोजन से न केवल नगर का गौरव बढ़ा है, बल्कि यह भविष्य के शहरी विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण कदम भी सिद्ध होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
अन्य खबरे
यह भी पढ़े