
गुना ( मप्र ) गुना से आरोन जा रही प्राइवेट बस व डंपर के बीच हुई जबरदस्त टक्कर से कुछ ही देर में बस आग का गोला बन गई। इस दर्दनाक हादसे में 12 बस यात्री जिंदा जल गए जबकि अन्य 16 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। चारों तरफ से आग की लपटों से घिरे यात्री बस में चीखते चिल्लाते रहे। ज़ब तक स्थानीय ग्रामीण मदद को पहुंचे तब तक 12 लोग जिंदा जल चुके थे। बताया जाता है बस में कुल 30 लोग सफऱ कर रहे थे। इस हादसे में घायल 16 लोगों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि प्रतिदिन की तरह 32 सीटर सिकरवार बस बुधवार रात करीब आठ बजे गुना से आरोन के लिए रवाना हुई। अभी बस जिला मुख्यालय से करीब सात किमी दूर घूम घाटी पर पहुंची ही थी कि डंपर ने टक्कर मार दी। इसके बाद बस घाटी से टकराई और आग लग गई। इस हादसे में 12 लोगों की जलने से मौके पर ही मौत हो गई। इधर घटना की सूचना मिलते ही गुना कलेक्टर तरुण राठी और एसपी विजय खत्री घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के बाद पता चला कि यह बस बिना बीमा और फिटनेस के दौड़ रही थी। बस की फिटनेस अवधि 17 फरवरी 2022 को खत्म हो गई और बीमा अवधि 30 अप्रैल 2021 को समाप्त हुई है।
