
गुरदीप सिंह (खटीमा)। उपवन प्रभाग की सीमांत सुरई वन रेंज के अंतर्गत कंपार्टमेंट संख्या 42 में एक बाघ का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। वन विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों ने आनन-फानन में शव को कब्जे में लेकर वन विभाग के पशु चिकित्सक से बाघ के शव का पोस्टमार्टम कराया। वहीं डीएफओ संदीप कुमार ने बताया कि लगभग 10 से 15 वर्ष का नर बाघ सुरई रेंज के जंगल में गेस्ट हाउस के पास मृत अवस्था में मिला है । जिसको उप प्रभागीय वन अधिकारी कार्यालय लाकर वन विभाग के पशु चिकित्सक द्वारा पोस्टमार्टम नियमानुसार कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टता बीमारी से बाघ की मौत होना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल बाघ के सभी अंग सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मामले में केश रजिस्टर करके अग्रिम इंक्वारी हेतु एसडीओ खटीमा को निर्देशित किया गया है। वहीं इस मामले में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी नैनीताल वन विभाग के डॉक्टर तरुण कुमार गर्ग ने बताया कि आज एक मृत नर बाघ का पोस्टमार्टम हुआ है। जिसका बिसरा का सैंपल लिया गया है जिसको जांच हेतु प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा की बाघ की मौत का असली कारण क्या है
