
गोलाघाट (असम )। एक भीषण सड़क हादसे में 14 बस यात्रियों की मौत हो गई जबकि 27 बस यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
हादसा असम के गोलाघाट जिले में हुआ। गोलाघाट जिले के देरगांव के पास बालीजन गांव में हुआ है। हादसे के समय बस में 45 लोग सवार थे, जो तड़के 3 बजे अठखेलिया से बोगीबील पिकनिक मनाने के लिए निकले थे। इस दौरान सुबह करीब 5 बजे मार्घेरिटा से आ रहे कोयला भरे ट्रक की बस से भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम घायलों को लेकर जेएमसीएच पहुंची है, जिनमें से कई यात्रियों की हालत गंभीर है।
पुलिस का कहना है कि बस में सवार सभी यात्री पिकनिक मनाने के लिए तिनसुकिया के तिलिंगा मंदिर जा रहे थे। घायलों का इलाज के लिए फिलहाल जोरहाट मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे में जान गंवाने वाले 14 यात्रियों के शव बरामद कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों में से कई यात्रियों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसके कारण मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की संभावना है।
