देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलते ही बुधवार की शाम से पहाड़ की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। जिसके चलते बद्रीनाथ केदारनाथ यमुनोत्री और गंगोत्री के अलावा औली एवं हेमकुंड साहिब में बर्फबारी शुरु हो गई है। फलस्वरूप उत्तराखण्ड के पर्वतीय व मैदानी इलाकों का तापमान गिर गया है। पहाड़ की चोटियों से लेकर मैदानी इलाकों तक कड़ाके की ठंड व शीतलहर ने जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बुधवार को देहरादून में दिनभर चटख धूप खिली । हरिद्वार, उधम सिंह नगर में दोपहर तक घने कोहरे ने परेशानी बढ़ाई।रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ जनपदों के निचले क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक रूप से बादल छाये रहे और अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं सुबह से ही गहरे बादल छाये हुए थे। हालांकि निचले इलाकों में धूप खिली रही।
