
काशीपुर । काशीपुर के जाने माने स्कूल लिटिल स्कालर्स की छात्रा रही लेफ्टिनेंट यशस्वी पाण्डेय नई दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेंगी।
जानकारी के अनुसार लेफ्टिनेंट यशस्वी किच्छा के
बंडिया वार्ड नंबर 4 निवासी हैं। वह सेना की मिलिट्री नर्सिंग सर्विस में लेफ्टिनेंट हैं। वर्तमान में यशस्वी पाण्डेय मिलिट्री हॉस्पिटल बरेली में कार्यरत हैं। उनके पिता देवेंद्र कुमार पांडेय काशीपुर के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज प्रतापपुर में शिक्षक हैं जबकि माता कल्पना पांडेय गृहणी हैं। यशस्वी ने हाईस्कूल और इंटर की पढ़ाई काशीपुर के लिटिल स्कालर्स से की है। वह बचपन से मेधावी छात्रा रही हैं। तत्पश्चात यशस्वी ने मिलिट्री नर्सिंग कालेज लखनऊ से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई की, उसके बाद सेना में लेफ्टिनेंट बनीं। उनके लेफ्टिनेंट बनने के बाद गणतंत्र दिवस परेड में चयन होने पर लिटिल स्कॉलर परिवार के अलावा क्षेत्रवासियों ने बधाई दी है।
