दीपक नारंग (ऋषिकेश)।
ऋषिकेश में बस अड्डा चौकी क्षेत्र अंतर्गत आदर्श ग्राम में रहने वाली एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक की टीम ने भी घटना स्थल से कई प्रकार के नमूने जांच के लिए उठाए हैं। मृतका की पहचान रत्नेश गुप्ता के रूप में हुई है।
ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के मुताबिक रत्नेश गुप्ता आदर्श नगर में अपने घर के अंदर अकेली रहती थी। 5 फरवरी को बेटी ज्योति की अपनी मां रत्नेश गुप्ता से आखिरी बार बात हुई थी। 6 फरवरी को रत्नेश गुप्ता का फोन स्विच ऑफ हो गया। 9 फरवरी तक मोबाइल पर संपर्क नहीं हुआ तो बेटी ज्योति अपने पति अनुज गोयल के साथ 10 फरवरी को देहरादून से ऋषिकेश आई। उन्होंने घर के मेंन गेट पर ताला लगा हुआ देखा। जिससे ज्योति को अपनी मां के साथ अनहोनी होने का शक हुआ। जिसके बाद ज्योति ने पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया। पुलिस ने डुप्लीकेट चाबी बनवाकर घर के मेन गेट पर लगा ताला खोला। इसके बाद पुलिस घर के अंदर दाखिल होते हुए रत्नेश गुप्ता के कमरे में पहुंची। जहां कमरे का मंजर देखकर पुलिस हैरत में पड़ गई। कमरे में बेड के ऊपर रत्नेश गुप्ता अचेत अवस्था में पड़ी हुई दिखाई दी। उनका पूरा शरीर नीला पड़ा हुआ देखा गया। सीओ संदीप नेगी और कोतवाल शंकर सिंह बिष्ट बताया कि मामला संदिग्ध है पुलिस हर पहलू पर गौर करके अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है फिलहाल पुलिस की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
