
1 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में काशीपुर के आदिल हुसैन की गिरफ्तारी पर मध्य प्रदेश की इंदौर पुलिस ने किया दस हजार का ईनाम घोषित
काशीपुर। धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आदिल फुट कंपनी का संचालक काशीपुर निवासी आदिल हुसैन की गिरफ्तारी पर मध्य प्रदेश की इंदौर पुलिस ने दस हजार रुपये का ईनाम घोषित किया है।
एस ओनियन चोइथराम मंडी इंदौर के संचालक नासिर खान ने थाना राजेन्द्रनगर, इंदौर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने काशीपुर में आदिल फुट कंपनी के संचालक मोहल्ला थानासाबिक निवासी आदिल पुत्र जुल्फिकार व नईबस्ती निवासी यासीन खान पुत्र मासूम खान को दो सितंबर, 2021 से आठ दिसंबर 2021 तक की अवधि में करीब एक करोड़ 82 लाख रुपये का आलू-प्याज दिया था। इन दोनों ने यह माल दिल्ली, मेरठ, काशीपुर, धामपुर, भिजवाया। आरोपी आदिल ने उसे कुल 75 लाख रुपये का भुगतान किया। जबकि 1.08 करोड़ की बकाया राशि हड़प ली। इंदौर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 420,409 के तहत केस दर्ज कर लिया। पिछले दिनों इंदौर पुलिस के एस आईं राजेश सोहनी व प्रधान आरक्षक संतोष सिंह कौरव ने आदिल के पार्टनर यासीन खान को काशीपुर से गिरफ्तार कर लिया। जबकि आदिल पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर दस हजार रुपये का ईनाम घोषित किया है। प्रधान आरक्षक संतोष सिंह कौरव ने बताया कि अभियुक्त आदिल की गिरफ्तारी के लिए कोर्ट ने वारंट जारी कर दिया है उसे शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
